जनहित में विकास की नई सौगात: शिव शंकर रामायण मंडली के पास बनेगा सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन

0

 

जनहित में विकास की नई सौगात: शिव शंकर रामायण मंडली के पास बनेगा सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन

4.50 लाख की लागत से होगा निर्माण, भूमि पूजन के साथ वार्डवासियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी


उत्तम साहू,नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 15 के निवासियों को विकास कार्यों की एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। शिव शंकर रामायण मंडली के समीप बनने वाले सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन भविष्य में वार्डवासियों के सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

बताया गया कि पिछले गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान शिव शंकर रामायण मंडली के सदस्यों ने सामुदायिक भवन निर्माण की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं वार्ड पार्षद हरीश साहू को मांग पत्र सौंपा था। मांग पर त्वरित पहल करते हुए अधोसंरचना मद से राशि स्वीकृत की गई और अब निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न हो गया।

सामुदायिक भवन की सौगात मिलने पर शिव शंकर रामायण मंडली के अध्यक्ष दिनेश साहू, उद्धव लाल साहू, भोला साहू एवं चंद्रहास साहू सहित मंडली के सदस्यों ने नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, समस्त पार्षदों एवं एल्डरमैन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सुख-दुख और सामाजिक आयोजनों का बनेगा केंद्र

भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड की बुजुर्ग महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि नगर पंचायत की प्राथमिकता जनहित से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करना और वार्डवासियों की जरूरतों के अनुरूप विकास सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि वार्डवासियों ने पहले टिन शेड की मांग रखी थी, जिसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया गया। अब सामुदायिक भवन की मांग भी पूरी हो रही है। यह भवन वार्डवासियों के शादी-विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों तथा सुख-दुख के अवसरों में उपयोगी साबित होगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, वार्ड पार्षद हरीश साहू, अश्वनी निषाद, शंकर देव, देवचरण ध्रुव, नरेश पटेल, चेलेश्वरी साहू, मिक्की गुप्ता, जयंती, टुकेश्वरी साहू, एल्डरमैन दुर्गा प्रजापति सहित शिव शंकर रामायण मंडली के सदस्य एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

वार्डवासियों का कहना है कि सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को नई सुविधा मिलेगी और वर्षों से महसूस की जा रही एक महत्वपूर्ण आवश्यकता पूरी होगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !