द कंपटीशन अकैडमी नगरी में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
उत्तम साहू,नगरी। द कंपटीशन अकैडमी नगरी में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह, विश्वास और आपसी सम्मान की भावना देखने को मिली।
इस अवसर पर छात्राओं ने अकैडमी के छात्रों एवं शिक्षकों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने अपने भाइयों के सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं छात्रों ने भी अपनी बहनों की सदैव रक्षा करने, उनका सम्मान करने और हर परिस्थिति में साथ निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सम्मान और भाईचारे के रिश्ते को मजबूत करने वाला पावन पर्व है। यह पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और स्नेह की भावना बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान अकैडमी में उत्सव जैसा माहौल रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और एक-दूसरे को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया।

