धमतरी में आज से दो दिवसीय नशामुक्ति व पोषण पर जन-जागरूकता कार्यक्रम
चित्र प्रदर्शनी, प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता गतिविधियों के जरिए युवाओं को दिया जाएगा स्वस्थ जीवन का संदेश
उत्तम साहू
धमतरी, 31 अगस्त 2026। केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ एवं ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ के तहत 1 एवं 2 सितंबर को स्व. श्री बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवनशैली तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन 1 सितंबर को दोपहर 12 बजे होगा। चित्र प्रदर्शनी में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य एवं सामाजिक नुकसान, नशे से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित चित्र और जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत संतुलित आहार, सही पोषण और स्वस्थ जीवन से जुड़े संदेश भी दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू, पूर्व विधायक धमतरी, मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सार्वा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक सहित प्राध्यापकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दो दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण, क्विज एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी नशामुक्त समाज, स्वस्थ जीवनशैली, पोषण, विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता एवं विचार प्रस्तुत करेंगे। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
चित्र प्रदर्शनी एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजन का मुख्य संदेश है कि नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा ही सशक्त एवं विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं।

