धमतरी में तिरंगे के रंग में रंगा आजादी का उत्सव, घुड़सवारी के रोमांच ने बढ़ाया जोश

0

 

धमतरी में तिरंगे के रंग में रंगा आजादी का उत्सव, घुड़सवारी के रोमांच ने बढ़ाया जोश

विधायक अजय चंद्राकर ने किया ध्वजारोहण, परेड की सलामी लेकर पढ़ा मुख्यमंत्री का संदेश; सेनानियों और शहीद परिवारों का सम्मान



                          पत्रकार उत्तम साहू 

धमतरी, 15 अगस्त 2026। देशभक्ति के जज्बे, राष्ट्रीय गौरव और उल्लास से सराबोर धमतरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में विधायक अजय चंद्राकर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के साथ पूरा मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया। इसके बाद तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़कर स्वतंत्रता और शांति का संदेश दिया गया।

ध्वजारोहण के बाद विधायक अजय चंद्राकर ने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों के अनुशासित मार्चपास्ट की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश भी पढ़कर सुनाया।


         12 टुकड़ियों ने किया शानदार मार्चपास्ट



समारोह में कुल 12 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें चार सशस्त्र टुकड़ियों के साथ आठ स्कूली एनसीसी, एनएसएस एवं अन्य विद्यार्थियों की टुकड़ियां शामिल रहीं। परेड का नेतृत्व चीफ कमांडर विपुल आनंद जांगड़े और परेड कमांडर सूबेदार टोपेश्वर सिंह ने किया।

परेड के दौरान जवानों और विद्यार्थियों का अनुशासन तथा कदमताल दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह के समापन पर उत्कृष्ट मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली टुकड़ियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद परिवारों का सम्मान

समारोह में विधायक अजय चंद्राकर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने साल एवं श्रीफल भेंट कर देश की आजादी और रक्षा में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

          देशभक्ति से सजी प्रस्तुतियों ने बांधा समां



समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे मैदान में उत्साह और उमंग भर दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

    पहली बार घुड़सवारी के करतब बने खास आकर्षण



इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ घुड़सवारी का रोमांचक प्रदर्शन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। ब्रिगो हेक्टर (Brego & Hecter) कंपनी के प्रशिक्षित घोड़ों और कुशल घुड़सवारों ने मैदान में हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए।

संस्था की संचालक गीता दहिया के नेतृत्व में घुड़सवारों ने टैड पैकिंग, बकेट पैकिंग, ग्रुप टैड पैकिंग, इंडियन फाइल, जंपिंग और इंडियन फ्लैग सहित कई रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। तेज रफ्तार घोड़ों के साथ घुड़सवारों का संतुलन और कौशल देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।



विशेष रूप से तिरंगे के साथ घुड़सवारी प्रदर्शन ने समारोह के देशभक्ति माहौल को और भावपूर्ण बना दिया। करतबों के दौरान पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

परेड की अनुशासित कदमताल, विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियां और घुड़सवारी के रोमांचक करतबों ने इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !