जगह बदल-बदलकर जुआ खिलाने की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई
मगरलोड पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
उत्तम साहू
मगरलोड/धमतरी, 28 अगस्त 2026। थाना मगरलोड क्षेत्र में कथित तौर पर जगह बदल-बदलकर जुआ खिलाने की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में जुआ गतिविधियों के कारण अशांति और विवाद की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ सहित अन्य अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मगरलोड थाना क्षेत्र में जुआ खिलाए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों की पुलिस ने जांच की। जांच के दौरान गवाहों के कथन लिए गए, जिसमें ग्राम हसदा, चंदना, बुडेनी तथा गरियाबंद सीमा क्षेत्र के आसपास स्थान बदल-बदलकर जुआरियों को एकत्रित कर जुआ खिलाने की शिकायत की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी अनीश मोहम्मद (38 वर्ष), पिता नूर मोहम्मद, निवासी ग्राम खिसोरा, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी शिकायतकर्ताओं के प्रति आक्रोशित होकर धमकी एवं विवाद करने की स्थिति में आ गया। संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया तथा परिजनों को इसकी सूचना दी।
इसके बाद आरोपी के विरुद्ध धारा 126(बी) एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार किया गया और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला बदर आरोपी के लिए काम करने का भी आरोप
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान गवाहों के कथनों में यह बात सामने आई कि आरोपी अनीश मोहम्मद जिला बदर किए गए आशुतोष उर्फ छोटू भांदुलकर, निवासी नयापारा, के लिए कार्य करता है तथा उसके निर्देश अथवा प्रभाव में जुआ गतिविधियों को संचालित करने में संलिप्त होने की बात सामने आई है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ खिलाने, जुआ संचालित करने तथा क्षेत्र में अशांति एवं विवाद की स्थिति उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

