गणेशोत्सव की तैयारियों को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, 20 आयोजन समितियों को दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश
एएसपी डी.सी. पटेल एवं राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक, पंडालों में CCTV, अग्निशमन व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा अनिवार्य
उत्तम साहू,धमतरी, 6 सितंबर 2026। आगामी गणेशोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में सिटी कोतवाली परिसर में गणेशोत्सव आयोजन समितियों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, अतिरिक्त तहसीलदार, सिटी कोतवाली थाना के उप निरीक्षक बी.आर. सिन्हा, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा शहर की लगभग 20 प्रमुख गणेशोत्सव आयोजन समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन समितियों से संवाद करते हुए कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सभी समितियों के लिए अनिवार्य रहेगा।
निर्धारित मार्ग और समय-सीमा का करना होगा पालन
प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन पुलिस और प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों से ही किया जाएगा। समितियों को निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम नागरिकों के आवागमन और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रत्येक पंडाल में लगेगा CCTV कैमरा
असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए प्रत्येक पंडाल के सामने CCTV कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा रात्रि के समय पंडाल को खाली नहीं छोड़ने के लिए कहा गया है। आयोजन स्थल पर जिम्मेदार समिति सदस्यों की तैनाती भी अनिवार्य होगी।
अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर
आगजनी की संभावित घटनाओं से बचाव के लिए प्रत्येक पंडाल में अग्निशामक यंत्र और रेत से भरी बाल्टियां रखने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली के लिए अवैध हुकिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। समितियों को विद्युत विभाग से विधिवत अस्थायी कनेक्शन लेने के लिए कहा गया है।
डीजे और ध्वनि प्रदूषण नियमों का करना होगा पालन
प्रतिमा स्थापना और विसर्जन के दौरान शासन एवं न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि प्रदूषण मानकों तथा डीजे संबंधी नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में पंडाल परिसरों में असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को एकत्रित नहीं होने देने और समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा नशा सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रखने की बात भी कही गई।
यातायात व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द पर विशेष निर्देश
पंडालों के आसपास मुख्य मार्गों पर बेतरतीब वाहन खड़े नहीं करने, पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने तथा यातायात बाधित नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी समितियों से साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी धर्म, संप्रदाय, गुरु अथवा राजनेता के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी या भड़काऊ सामग्री के प्रचार-प्रसार से दूर रहने को कहा।
इसके अलावा सभी आयोजन समितियों को अपने पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर की सूची संबंधित थाने में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में उपस्थित सभी गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सभी नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए गणेशोत्सव पर्व को सौहार्दपूर्ण, शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग करेंगे।

