आशीर्वाद के 2000 दीपों से रोशन हुआ नगरी
15 वार्डों में गूंजा सेवा और सुशासन का संदेश, हितग्राहियों ने घरों में दीप जलाकर मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस
उत्तम साहू,नगरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर नगरी नगर पंचायत दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में “सेवा, सुशासन एवं आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के तहत करीब 2000 दीप प्रज्वलित किए गए। मंदिरों में पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस दौरान नगर के वार्डों में भगवान गणेश की महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। वहीं अटल चौक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की खास तस्वीर उन परिवारों ने पेश की, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला गैस और स्मार्ट कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। इन हितग्राहियों ने अपने घरों के सामने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को उत्सव के रूप में मनाया। 15 वार्डों में एक साथ जले दीपों ने नगरी में सेवा, सहभागिता और सुशासन का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय किसान मोर्चा मंत्री पिंकी शिवराज शाह, औषधि बोर्ड अध्यक्ष विकास मरकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, सभापति अश्वनी निषाद, चेलेश्वरी साहू, शंकर देव, पार्षद अलका साव, अंबिका ध्रुव, देवचरण ध्रुव, राजा पवार, यश करण पटेल, एल्डरमैन प्रतिमा देवांगन, गौरव तिवारी, दुर्गा प्रजापति, जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव, आतिश देवांगन, गोलू साहू सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस सेवा और सुशासन के प्रति संकल्प दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा अपने घरों में दीप जलाकर जन्मदिवस मनाना जनभागीदारी और विश्वास की अभिव्यक्ति है। नगरी के 15 वार्डों में 2000 दीपों का प्रज्वलन प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ सेवा के संकल्प को समर्पित किया गया।

