कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर कोरबा के लिए किया रवाना
राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में धमतरी के 17 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
उत्तम साहू,धमतरी, 18 सितंबर। कोरबा में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित सातवीं राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप-2026 में धमतरी जिले के करीब 17 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहे खिलाड़ियों के दल को पुलिस लाइन धमतरी से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं एसडीएम पीयूष तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय परंपरा की ऐसी विधा है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मन को एकाग्र और जीवन में अनुशासन विकसित करने में सहायक है। खेल के रूप में योगासन को अपनाकर जिले के युवा अपनी प्रतिभा को राज्य स्तर पर पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने तथा धमतरी का नाम रोशन करने की अपील की।
एसडीएम पीयूष तिवारी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में परिणाम के साथ-साथ अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार और पूरे मनोयोग से भागीदारी करना भी महत्वपूर्ण है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न वर्गों के करीब 17 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें पुलिस लाइन से सुजय मंडल, अली एवं अवध राम साहू सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित करने का संकल्प लिया।
इस दौरान जिला योग संघ के अध्यक्ष उमराव साहू, संरक्षक डॉ. संदीप साहू, डोमन साहू तथा छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन से भोजेंद्र साहू एवं संतोष ध्रुव उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।


