कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किसानों को आधुनिक उद्यानिकी अपनाने किया आह्वान

0

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किसानों को आधुनिक उद्यानिकी अपनाने किया आह्वान

सेवा संकल्प अभियान में 80 किसानों ने सीखी पॉली हाउस और संरक्षित खेती की बारीकियां



उत्तम साहू,धमतरी, 18 सितंबर 2026। खेती को आधुनिक और व्यावसायिक स्वरूप देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (एनएचबी) द्वारा कलेक्टर सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के करीब 80 किसानों ने भाग लेकर पॉली हाउस सहित संरक्षित खेती की तकनीक, योजनाओं और वित्तीय सहायता की जानकारी

कार्यशाला में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की उप संचालक श्रीनेजा ने बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए संरक्षित खेती, पॉली हाउस में फूल एवं सब्जियों की व्यावसायिक खेती, अनुदान तथा सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। किसानों को बैंक ऋण से संबंधित प्रक्रिया और योजनाओं से जुड़ने के आवश्यक पहलुओं की भी जानकारी दी गई।


लाभान्वित किसानों ने साझा किए अनुभव

एनएचबी की योजनाओं का लाभ ले चुके किसान अजय केला और दुर्गेश चन्द्राकर ने पॉली हाउस खेती के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने उत्पादन, रखरखाव, लागत, बाजार और खेती के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी अन्य किसानों को दी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किसानों से आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संरक्षित खेती के माध्यम से मौसम की अनिश्चितताओं के बीच गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त कर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की योजनाओं का लाभ लेने तथा पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक उद्यानिकी को अपनाने की अपील की।

कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को योजनाओं की जानकारी देने से लेकर लाभ प्राप्त करने तक आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने किसानों को उत्पादन के साथ प्रसंस्करण और विपणन पर भी ध्यान देने की बात कही।


खेतों में जाकर सीखेंगे पॉली हाउस का संचालन



कार्यशाला के बाद किसानों को आगामी माह में प्रक्षेत्र भ्रमण कराने की तैयारी है। इस दौरान किसान पॉली हाउस के संचालन, रखरखाव, उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त करेंगे।


बैंक ऋण की अड़चनें दूर करने पर जोर

कार्यशाला में एनएचबी की योजनाओं के तहत ऋण प्राप्त करने में किसानों को आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा हुई। बैंक अधिकारियों और किसानों के बीच समन्वय स्थापित कर ऋण प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान बाबूलाल साहू, दुर्गेश चन्द्राकर, गुड्डू चन्द्राकर, खिलेश साहू और देवेन्द्र शर्मा ने राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए।

कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, उप संचालक उद्यान पूजा कश्यप साहू, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अग्रणी बैंक प्रबंधक इन्दर कुमार टिलवानी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !