मंत्रालय में नौकरी-आवास का झांसा देकर 9 लाख की ठगी, महिला समेत दो गिरफ्तार
मंत्रालय में कार्यरत होने का दिया भरोसा, पारिजात भवन आवंटित कराने के नाम पर ऐंठे 9.08 लाख रुपये; धमतरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा न्यायिक रिमांड पर
धमतरी। मंत्रालय में नौकरी दिलाने और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन आवंटित कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रार्थी को अपने प्रभाव में लेकर अलग-अलग माध्यमों से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये की रकम ले ली थी। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, भानपुरी थाना गुरूर, जिला बालोद निवासी मनीष साहू (27 वर्ष) की फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से मुलाकात हुई थी। दोनों आरोपियों ने स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए प्रार्थी को नौकरी और आवास दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने उसे विश्वास में लेने के लिए मंत्रालय स्थित महानदी भवन भी ले जाकर बाहर से दिखाया।
इसके बाद आरोपियों ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन का आवंटन कराने की बात कही और भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई। उनके झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के माध्यम से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये दे दिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रार्थी से बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए।
कुछ समय बाद जब प्रार्थी को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का संदेह हुआ और उसने रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, जबकि शेष रकम वापस नहीं की गई। इसके बाद प्रार्थी ने सिटी कोतवाली धमतरी में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद 20 सितंबर 2026 को शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन को विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
शशि प्रभा साहू (50 वर्ष), पति प्रीतम साहू, स्थायी पता जंगल पारा, गांधी नगर, नगरी, जिला धमतरी। वर्तमान पता कमल विहार कॉलोनी, रायपुर, ब्लॉक-ई, क्वार्टर नंबर 120।
अमित कुमार देवांगन (38 वर्ष), पिता स्व. सुखराम देवांगन, स्थायी पता पारागांव, वार्ड क्रमांक 12, परमेश्वरी मंदिर के पीछे, भाठापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, मकान, सरकारी योजना अथवा किसी अन्य शासकीय सुविधा का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति को रकम न दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते धोखाधड़ी से बचा जा सके।

