SBI कियोस्क में करोड़ों का गबन, संचालक गिरफ्तार
खाताधारकों से 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, भखारा पुलिस ने लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के एफडी बॉन्ड किए जब्त
धमतरी। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कियोस्क के माध्यम से खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी और गबन करने के मामले में भखारा पुलिस ने कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 10 वर्षों के दौरान बैंक खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता, कूटरचना और रकम के गबन का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, NICT Technologies Pvt. Ltd. धमतरी के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर (31 वर्ष), निवासी चरमुडिया, थाना कुरूद ने थाना भखारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी संस्था भारतीय स्टेट बैंक के अनुबंध के आधार पर कियोस्क यानी ग्राहक सेवा केंद्रों का संचालन कराती है। इसी क्रम में ग्राम कोर्रा स्थित कियोस्क के संचालन की जिम्मेदारी केशव राम साहू को सौंपी गई थी।
शिकायत के मुताबिक, कियोस्क संचालक केशव राम साहू ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI के खाताधारकों के साथ कथित रूप से बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना की। इस दौरान कुल 1,00,75,717 रुपये की राशि के आपराधिक न्यास भंग का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भखारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत धारा 318(4), 338 और 336(3) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पूछताछ में अपराध स्वीकारने का दावा, दस्तावेज जब्त
पुलिस ने विवेचना के दौरान संदेही केशव राम साहू की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से गवाहों की मौजूदगी में लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट बॉन्ड पेपर विधिवत जब्त किए गए।
जांच में अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को 21 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय कुरूद के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
केशव राम साहू (40 वर्ष), पिता हेमलाल साहू, मूल निवासी साकिन देवकोट, चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद। वर्तमान पता बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक अथवा कियोस्क से लेन-देन करते समय अपनी पासबुक, रसीद और अन्य दस्तावेजों की नियमित जांच करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध वित्तीय गतिविधि या अनियमितता सामने आने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें।


