भुंजिया समाज की मांगों पर विधायक अंबिका मरकाम ने दिया पहल का भरोसा

0

 

भुंजिया समाज की मांगों पर विधायक अंबिका मरकाम ने दिया पहल का भरोसा

गरियाबंद से संचालित योजना को नगरी विकासखंड से संचालित करने की मांग, प्रशासनिक स्तर पर पत्राचार का आश्वासन


उत्तम साहू 

नगरी। विशेष पिछड़ी जनजाति भुंजिया समाज की विभिन्न समस्याओं और योजनाओं के संचालन से जुड़े मुद्दों को लेकर भुंजिया समाज जिला धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने सिहावा विधायक अंबिका मरकाम से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर भुंजिया जनजाति के हितग्राहियों से संबंधित योजना को धमतरी जिले के नगरी विकासखंड से संचालित किए जाने की मांग रखी।

समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि नगरी, मगरलोड सहित आसपास के क्षेत्रों में भुंजिया समाज के करीब 425 परिवार निवासरत हैं। वर्तमान में संबंधित योजना का संचालन गरियाबंद जिले से होने के कारण हितग्राहियों को योजना की जानकारी लेने, आवेदन जमा करने, दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने सहित अन्य कार्यों के लिए दूरस्थ क्षेत्र में जाना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों खर्च होने के साथ ही हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि भुंजिया जनजाति के लिए गरियाबंद जिले में संचालित योजना एवं उससे संबंधित बजट को धमतरी जिले के नगरी विकासखंड से संचालित करने की दिशा में शासन स्तर पर पहल की जाए, ताकि स्थानीय परिवारों को अपने ही जिले में योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।


विधायक ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

विधायक अंबिका मरकाम ने समाज के प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि भुंजिया समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के हित में उनके स्तर से जो भी आवश्यक पहल संभव होगी, उसे आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक पत्राचार करने तथा योजना के संचालन से जुड़े विषय को उचित स्तर पर रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक पहल की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने समाज की अन्य समस्याओं और आवश्यकताओं से भी विधायक को अवगत कराया। विधायक ने सभी विषयों पर नियमानुसार समाधान की दिशा में पहल का आश्वासन दिया। इस दौरान भुंजिया समाज तहसील नगरी के पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !