युवाओं ने उठाई तपेदिक के खिलाफ अलखः एमडीपी और जीबी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने लिया 'टीबी मुक्त भारत' का प्रशिक्षण
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी
कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटघोरा में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला मे ं एमडीपी कॉलेज और जी.बी. कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों द्वारा कैडेट्स को तपेदिक (टीबी) के प्रारंभिक लक्षण, संक्रमण से बचाव, समय पर इलाज और सरकार की महत्वाकांक्षी 'निक्षय मित्र' योजना के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया।
इस दौरान कैडेट्स को बताया गया कि वे समुदाय में जाकर किस प्रकार टीबी मरीजों की पहचान, उन्हें इलाज के लिए प्रेरित करने और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दोनों कॉलेजों के प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने युवाओं को इस जन-जागरूकता अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी एनसीसी कैडेट्स ने एक स्वर में "टीबी हारेगा, देश जीतेगा" का संकल्प लेकर अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रण लिया।

