कुरूद में PMFME कार्यशाला: वैल्यू एडिशन और डिजिटल मार्केटिंग से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
उत्तम साहू
धमतरी, 03 सितंबर 2026। स्थानीय कृषि एवं पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक बाजार से जोड़कर किसानों, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कुरूद में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में लगभग 40 किसान, महिला स्व-सहायता समूह, ओजस्वी एफपीओ के सदस्य एवं नवोदित उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान 5 इच्छुक हितग्राहियों के ऑनलाइन आवेदन भी दर्ज किए गए।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुश्री प्रचेता किरण छिदेहा ने खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, वित्तीय सहायता, ऋण, अनुदान एवं उद्यमिता योजनाओं की जानकारी दी। वहीं डीआरपी डॉ. संदीप मेश्राम ने मोरिंगा, शहतूत, टमाटर और मशरूम जैसे स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन से नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को AI, डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग, सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के व्यावहारिक गुर भी सिखाए गए।
जिला पंचायत, कृषि, उद्यानिकी विभाग एवं बिहान योजना के समन्वय से आयोजित इस कार्यशाला ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय उत्पादों को पहचान, बेहतर बाजार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

