जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजा नगरी, यादव समाज की भव्य शोभायात्रा ने बांधा समां
15 फीट ऊंची दहीहंडी फोड़ युवाओं ने दिखाया उत्साह, जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर किया आत्मीय स्वागत
उत्तम साहू,नगरी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर नगरी नगर शनिवार को पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। यादव समाज द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों, राउत नाचा, धुमाल की गूंज और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ यादव भवन, वार्ड क्रमांक 7 से हुआ। सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम, भाजपा धमतरी जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष अजय नाहटा सहित नगर पंचायत के पार्षदों एवं एल्डरमैन ने पीली झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा यादव भवन से प्रारंभ होकर जंगलपारा, रानी दुर्गावती चौक एवं बस स्टैंड होते हुए नगर पंचायत कार्यालय के सामने पहुंची। यहां आयोजन का सबसे रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जब लगभग 15 फीट की ऊंचाई पर बांधी गई दहीहंडी को यादव समाज के उत्साही युवाओं ने शानदार अंदाज में फोड़ दिया। दहीहंडी फूटते ही जयकारों और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
राउत नाचा और धुमाल की धुन पर झूमे जनप्रतिनिधि
शोभायात्रा में शामिल राउत नाचा दल ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। वहीं आकर्षक झांकियों और राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे समाजजनों ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। राउत नाचा एवं धुमाल की जोशीली धुनों पर जनप्रतिनिधि भी स्वयं को थिरकने से नहीं रोक सके।
इस दौरान यादव समाज के अध्यक्ष नंदकुमार यादव, हरीश यादव, सुनाराम यादव, कमल यादव, हेमलता यादव सहित समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का पुष्पवर्षा कर एवं माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
जनप्रतिनिधियों और पार्षदों ने किया भव्य स्वागत
स्वागत कार्यक्रम में पार्षद राजा पवार, देवचरण ध्रुव, मिकी गुप्ता, नरेश पटेल, चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, अलका साव, डागेश्वरी साहू, अश्वनी निषाद, अंबिका ध्रुव, यशकरण पटेल, शंकरदेव, हरीश साहू, प्रतिमा देवांगन, दुर्गा शंकर प्रजापति एवं गौरव तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शोभायात्रा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
पूरे नगर में दिनभर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही। भक्ति, संस्कृति और उत्साह के अद्भुत संगम से सजी यादव समाज की यह शोभायात्रा नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। जय श्रीकृष्ण के गगनभेदी जयघोष के बीच नगरी नगर पूरी तरह कृष्णमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।

