सामाजिक विकास के साथ पेयजल समस्या का भी होगा समाधान : अरुण सार्वा
झिरिया साहू समाज देमार के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायत अध्यक्ष से की सौजन्य मुलाकात, सामाजिक भवन में बोर खनन की रखी मांग
उत्तम साहू,धमतरी, 22 सितंबर।
विकासखंड धमतरी के ग्राम देमार से ग्रामीण झिरिया साहू समाज का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिला पंचायत धमतरी कार्यालय पहुंचा और जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण साहू समाज देमार के अध्यक्ष रामरतन साहू के नेतृत्व में सामाजिक विकास, शिक्षा, कृषि एवं गांव से जुड़े विभिन्न जनहित के विषयों पर जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ग्राम देमार स्थित झिरिया साहू समाज के सामुदायिक भवन में समय-समय पर सामाजिक बैठकें, मांगलिक कार्यक्रम एवं अन्य सार्वजनिक गतिविधियां आयोजित होती रहती हैं। वर्तमान में भवन परिसर में पेयजल एवं निस्तारी जल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों तथा कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सामाजिक भवन परिसर में बोर खनन करवाने की मांग को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष को आवेदन सौंपा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता का विषय है। सामाजिक भवन का उपयोग सामुदायिक गतिविधियों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए होता है, इसलिए वहां पेयजल की सुविधा होना आवश्यक है। ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांग को गंभीरता से लेते हुए बोर खनन के लिए यथासंभव शीघ्र आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि में नवाचार, शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में ग्रामीणों की सहभागिता से गांवों में सकारात्मक बदलाव को गति दी जा सकती है।
प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के कोषाध्यक्ष संतराम साहू, युवा प्रकोष्ठ परिक्षेत्र साहू संघ तेलिनसत्ती-भानपुरी के भूपेंद्र कुमार साहू, ग्रामीण साहू समाज देमार के अध्यक्ष रामरतन साहू, सचिव महेंद्र साहू, सुरेश साहू, पूर्व उपसरपंच संजय साहू, समीर साहू, बिसरू साहू, शत्रुहन साहू, अंगेश साहू, शिवराम साहू, कमलेश साहू, लिकेश्वर साहू, दुलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजजन उपस्थित रहे।

