घोटगांव में गूंजा रामचरितमानस का संदेश, मानस गान सम्मेलन में शामिल हुईं विधायक अंबिका मरकाम
गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना, कलाकारों का बढ़ाया उत्साह
उत्तम साहू,नगरी। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर ग्राम घोटगांव में आयोजित मानस गान सम्मेलन में सिहावा विधायक अंबिका मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मानस गान सम्मेलन में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि गणेश चतुर्थी हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने मानस गान मंडली के कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि रामचरितमानस के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों का संदेश समाज तक पहुंचता है।
विधायक ने ग्रामीणों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गांव के विकास के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक विषयों पर सहयोग का आश्वासन दिया।
सम्मेलन में मानस गान मंडली के कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित मानस की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया और पूरे कार्यक्रम स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य प्रभा नेताम, सरपंच विकास नेताम, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश सचिव मयंक ध्रुव, सेवादल के अयूब खान एवं श्रवण भगेल सहित रामलाल साक्षी, मनीष नेताम, सूरज भान नेताम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


