मां शीतला के दरबार में नवरात्रि की धूम, तैयारियों को अंतिम रूप
किचन शेड की मांग के साथ भोजन-प्रसादी, दर्शन और सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारी पूरी
उत्तम साहू
नगरी। सिहावा स्थित शीतला शक्ति पीठ में शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था, दर्शन, पूजा सामग्री और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर समिति जुटी हुई है।
इसी क्रम में मंदिर समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा भी पहुंचे। बैठक में समिति पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में किचन शेड निर्माण की मांग रखी। समिति सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसादी की व्यवस्था की जाती है। ऐसे में स्थायी किचन शेड बनने से प्रसादी तैयार करने और वितरण की व्यवस्था को और बेहतर किया जा सकेगा।
समिति अध्यक्ष नरेंद्र नाग ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों से नवरात्रि पर्व को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
तीसरे दिन से नवमी तक भोजन-प्रसादी
नवरात्रि के तीसरे दिन से नवमी तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी। यह व्यवस्था विभिन्न भोजनदाताओं के सहयोग से संचालित होगी। बैठक में धार्मिक कार्यक्रमों, दर्शन व्यवस्था, प्रसाद वितरण, स्वच्छता, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक विषयों पर भी चर्चा की गई।
रामधुनी, पंडवानी और जसगीत झांकी होगी आकर्षण
नवरात्रि के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 15 अक्टूबर को रामधुनी चारभाटा, नरहरपुर, 16 अक्टूबर को पंडवानी कोकड़ी, दुर्ग और 17 अक्टूबर को जसगीत झांकी रावा, धमतरी की प्रस्तुति होगी। इससे नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति का भी आनंद मिलेगा।
नवरात्रि पर्व की तैयारियों में संरक्षक नेम सिंह बिशेन एवं मंशा गौर, उपाध्यक्ष बलदेव निषाद एवं रामलाल नेताम, सचिव नारद निषाद, सहसचिव बुधेश्वर साहू एवं लालेस्वर साहू, सलाहकार गगन नाहटा एवं भरत निर्मलकर, सांस्कृतिक प्रभारी तुकाराम साहू, सह प्रभारी महेंद्र कौशल, निर्माण समिति प्रभारी सचिन भंसाली, पुजारी ज्ञान सागर पटेल एवं परमेश्वर नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके अलावा मेहतर गौर, राजकुमार निषाद, दीपक तंवर, संजय सारथी, प्रवीण गुप्ता, कुँवर साहू, जग्गू साहू, नरेश पटेल, महेश साहू, संतोष पवार, सुभाष यादव, महेंद्र साहू, अभय नेताम, नवल साहू, दिनेश पटेल, बैजनाथ पटेल, बाल सिंह शोरी, जसपाल कुंजाम, पूरन बिसेन, विष्णु साहू, रोहित साहू, शांतिलाल साहू, दीनदयाल गंधर्व, तेजनाथ शाण्डिल्य, नोहर साहू, राजेन्द्र पूरी, सोमन निषाद, तुलसी कुंजाम, अंश गौतम, सुधांशु यदु, सुंदरियां साहू, चरणबती नेताम, देवंतीन श्रीमाली, शशिकला शांडिल्य और गोत्री बिसेन सहित समिति के अन्य सदस्य एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
समिति ने नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्णय लिया।

