संबलपुर के पास एंबुलेंस-ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत, स्टाफ नर्स की मौके पर मौत
रायपुर से शव लेकर जगदलपुर जा रही थी एंबुलेंस, झपकी आने से हादसे की आशंका; परिजन समेत कई घायल
धमतरी। धमतरी- रायपुर नेशनल हाईवे पर संबलपुर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एंबुलेंस और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में जगदलपुर के महारानी अस्पताल में पदस्थ स्टाफ नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार मृतका के परिजनों सहित अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार एंबुलेंस रायपुर से डेडबॉडी लेकर जगदलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान संबलपुर के पास एंबुलेंस की ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस में सवार स्टाफ नर्स शबनम खान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतका के शव को भी एंबुलेंस के माध्यम से धमतरी जिला अस्पताल लाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

