सिटी कोतवाली के वार्षिक निरीक्षण में एसपी भावना पांडेय ने दिए अपराध नियंत्रण के निर्देश

0

 

सिटी कोतवाली के वार्षिक निरीक्षण में एसपी भावना पांडेय ने दिए अपराध नियंत्रण के निर्देश

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ अवैध शराब, जुआ-सट्टा पर सख्ती और जन शिकायतों के संवेदनशील निराकरण पर जोर 

उत्तम साहू 

धमतरी, 1 अक्टूबर 2026। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने 30 सितंबर को थाना सिटी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यप्रणाली, अभिलेखों, परिसर की व्यवस्था और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा और परेड का निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट परेड एवं बेहतर वेशभूषा वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य एवं फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, पुरुष एवं महिला हवालात तथा जब्त माल के रखरखाव की स्थिति देखी। थाना परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के साथ पौधरोपण करने के निर्देश भी दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत से लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की जानकारी लेकर संबंधित रजिस्टर और अभिलेखों का अवलोकन किया गया।

एसपी ने विवेचकों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने तथा गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने कहा। उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए।

रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर और निरीक्षण पुस्तिका समेत अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया। केस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने और पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने कहा गया।

महिला एवं बालक-बालिकाओं से जुड़े मामलों, हत्या एवं अन्य गंभीर अपराधों में शीघ्र कार्रवाई तथा न्यायालयीन मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया गया। आम नागरिकों की शिकायतों को सम्मान और संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने शासकीय हथियारों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को हथियारों के खोलने-जोड़ने और संचालन का नियमित अभ्यास कराने तथा प्रत्येक माह दो दिवस हथियार अभ्यास आयोजित करने कहा। निरीक्षण के अंत में उन्होंने थाना स्टाफ की फॉलिंग कराई और अधिकारी-कर्मचारियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत सहित सिटी कोतवाली के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !