खरेंगा में BDSP कार्यशाला आयोजित, 30 महिला उद्यमियों ने लिया हिस्सा
महिला उद्यमियों को डिजिटल मार्केटिंग और ब्रांडिंग की दी गई जानकारी
उत्तम साहूधमतरी, 30 सितंबर 2026। जिले की महिला उद्यमियों को बाजार से जोड़ने, उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ाने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बाजार विस्तार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत भवन खरेंगा में महिला उद्यमियों हेतु डिजिटल लिटरेसी एवं बिजनेस डेवलपमेंट सर्विस प्रोवाइडर (BDSP) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन RAMP कार्यक्रम के अंतर्गत CSIDC एवं AFC इंडिया लिमिटेड के सहयोग से किया गया।
कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं, महिला संचालित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) तथा महिला उद्यमियों को मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस (MDA) योजनाओं, उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, लेबलिंग और डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से व्यवसाय विस्तार की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन पीआरपी निर्मला साहू ने किया। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आधार भी है। उन्होंने बताया कि मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस जैसी योजनाएं महिला उद्यमियों को बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद करती हैं।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के मेलों एवं प्रदर्शनी में भागीदारी की प्रक्रिया, गुणवत्ता प्रमाणन एवं मानकीकरण, बी-टू-बी और बी-टू-सी मार्केट लिंकज, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पादों की बिक्री बढ़ाने तथा सरकारी सहायता एवं अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
एएफसी इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि श्री उमेश पटेल, श्री विनीत झा एवं सुश्री दिव्या मुदलियार ने सफल महिला उद्यमियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों को व्यवसाय विस्तार के व्यावहारिक सुझाव दिए। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर से 30 महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों एवं महिला संचालित एमएसएमई इकाइयों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए ऐसे बाजारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। अंत में सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

