स्कूल जाने के बजाय तालाब पहुंचीं तीन मासूम, डूबने से मौत
नुनेरा में दर्दनाक हादसे से पसरा मातम, एक ही बस्ती की थीं तीनों बच्चियां
पाली। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। वहीं मृत बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार नुनेरा गांव की एक ही बस्ती में रहने वाली 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना शुक्रवार को स्कूल जाने के बजाय अलगू तालाब पहुंच गई थीं। बताया गया कि नहाने के दौरान तीनों बच्चियां तालाब के गहरे हिस्से में चली गईं और पानी में डूब गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद तीनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर से नुनेरा गांव में मातम छा गया। घटना से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तालाब से तीनों बच्चियों के शव बरामद किए हैं और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

