बस्तर संभाग में पहली बार यूट्यूबर एवं पत्रकारिता प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

0

 

बस्तर संभाग में पहली बार यूट्यूबर एवं पत्रकारिता प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

कोण्डागांव जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे करीब 80 युवक-युवतियों ने लिया प्रशिक्षण


उत्तम साहू 

कोण्डागांव, 06 सितंबर 2026। सर्व आदिवासी समाज, जिला युवा प्रभाग कोण्डागांव द्वारा बस्तर संभाग में पहली बार यूट्यूबर एवं पत्रकारिता से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। एक दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 सितंबर को फरसगांव स्थित गोंडवाना भवन में सम्पन्न हुआ।

कार्यशाला में कोण्डागांव जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान पत्रकारिता, समाचार लेखन, रिपोर्टिंग, डिजिटल मीडिया, कैमरा प्रबंधन तथा मीडिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से जानकारी दी गई।



कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों एवं समाज के युवाओं की छुपी प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें आधुनिक डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म से जोड़ना था। प्रतिभागियों को अपने क्षेत्र की समस्याओं, उपलब्धियों, सामाजिक मुद्दों, आदिवासी संस्कृति, परंपराओं एवं विकास से जुड़े विषयों को जिम्मेदारी और प्रभावी ढंग से जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में अधिवक्ता भूपेंद्र नेताम ने युवाओं को संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

पत्रकारिता एवं रिपोर्टिंग विषय पर पत्रकार तथा दूरदर्शन-आकाशवाणी से जुड़े प्रमोद पोटाई, नारायणपुर ने प्रतिभागियों को समाचार लेखन, रिपोर्टिंग और पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं की बारीकियों से अवगत कराया। वहीं लक्ष्मण बघेल, जगदलपुर ने मीडिया, पत्रकारिता एवं सूचना के अधिकार (आरटीआई) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।



कार्यशाला में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से करीब 80 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान युवाओं ने भविष्य में अपने गांव एवं क्षेत्र की सकारात्मक गतिविधियों, स्थानीय समस्याओं, उपलब्धियों तथा बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को डिजिटल माध्यमों से व्यापक स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग, जिला इकाई कोण्डागांव के अध्यक्ष धन्नू सलाम ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवा अपने ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं, उपलब्धियों और अपनी संस्कृति को जिम्मेदारी के साथ व्यापक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के जिला संरक्षक बंगाराम सोढ़ी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण कुमार नेताम, धनी नेताम, बलदेव नेताम, नीलेश प्रभाकर, राजेश आचला, जिला सचिव दशरू नेताम, उमेश नाग, मीडिया प्रभारी सहित जिला एवं ब्लॉक युवा प्रभाग के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !