आंगनबाड़ी बना गांव की खुशियों का केंद्र, मुड़पार में ‘आंगन का मिलन’ ने जोड़ी सेवा और जनभागीदारी

0

 

आंगनबाड़ी बना गांव की खुशियों का केंद्र, मुड़पार में ‘आंगन का मिलन’ ने जोड़ी सेवा और जनभागीदारी

स्वस्थ बच्चों का सम्मान, कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं को मिला प्रोत्साहन; रंगोली-मेहंदी से सजा आयोजन, ‘हर घर मुनगा’ का दिया संदेश


उत्तम साहू,धमतरी/ सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम मुड़पार में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम ने आंगनबाड़ी केंद्र को बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों की सहभागिता के एक साझा मंच में बदल दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत धमतरी की सभापति एवं महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र से संचालित पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु कल्याण से जुड़ी सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। बेहतर स्वास्थ्य वाले बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महिलाओं और बच्चों की भागीदारी बढ़ाने के लिए रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

मुख्य अतिथि मोनिका देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल का स्थान नहीं, बल्कि गांव में पोषण, स्वास्थ्य और जागरूकता का महत्वपूर्ण केंद्र है। कार्यकर्ता और सहायिकाएं शासन की योजनाओं को परिवारों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत समाज की नींव है। इसी क्रम में उन्होंने ‘हर घर मुनगा’ अभियान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से घर-घर मुनगा के पौधे लगाने और इसे भोजन में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि मुनगा पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण परिवार के पोषण स्तर को बेहतर बनाने में उपयोगी हो सकता है।

देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, संवेदना और जनभागीदारी को मजबूत करना है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचती है और लोगों की सहभागिता भी बढ़ती है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक निर्भय राम यादव, गोकुल राम ध्रुव, सुखराम यादव, पूर्व सरपंच एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मीना यादव, नरोत्तम यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता यादव एवं चित्रलेखा यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !