‘निदान-03’ शिविर से 1,630 दिव्यांगजन और वरिष्ठजन लाभान्वित

0

 

‘निदान-03’ शिविर से 1,630 दिव्यांगजन और वरिष्ठजन लाभान्वित

कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरणों से जीवन होगा आसान, आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा


उत्तम साहू 

धमतरी, 11 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को सुगम करने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय ‘निदान-03’ विशेष शिविर का रविवार को समापन हुआ। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग तथा भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 1,630 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजन लाभान्वित हुए। शिविर में जरूरतमंदों को सहायक उपकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, बस पास सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, वॉकर और स्मार्ट केन जैसे उपकरण प्रदान किए गए। एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं मिलने से हितग्राहियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराना है।


नगरी में 172 और धमतरी में 359 हितग्राही लाभान्वित



शिविर के पहले दिन 8 अक्टूबर को नगरी विकासखंड के श्रृंगी ऋषि हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजन किया गया। इसमें 172 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए। पात्र हितग्राहियों को 13 व्हीलचेयर, 27 श्रवण यंत्र, तीन बैसाखी, दो एल्बो क्रच, सात वॉकिंग स्टिक और एक वॉकर सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। नौ दिव्यांगजनों के कृत्रिम हाथ-पैर तैयार करने के लिए मापन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके अलावा 18 दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए और 44 हितग्राहियों को यूडीआईडी कार्ड की सुविधा दी गई।

10 अक्टूबर को धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित शिविर के दूसरे दिन 460 दिव्यांगजन पहुंचे, जिनमें से 359 हितग्राहियों को विभिन्न उपकरणों एवं सुविधाओं का लाभ मिला। इस दौरान 15 कृत्रिम पैर, सात कृत्रिम हाथ, नौ कैलिपर्स, 116 श्रवण यंत्र, 43 ट्राइसाइकिल, 49 व्हीलचेयर, छह बैसाखी, चार एल्बो क्रच, 30 वॉकिंग स्टिक, चार स्मार्ट केन और एक वॉकर प्रदान किया गया। साथ ही आठ बस पास, 16 दिव्यांगता प्रमाण पत्र और 51 एम-आधार कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई।


अंतिम दिन 1,121 हितग्राहियों का पंजीयन



11 अक्टूबर को शिविर के अंतिम दिन भी 1,121 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण, सहायक उपकरण वितरण और शासकीय योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया जारी रही। वरिष्ठजनों के लिए आंखों एवं कानों की जांच, चश्मे तथा आवश्यकतानुसार श्रवण संबंधी सहायता पर भी ध्यान दिया गया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जनसंपर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की विकासपरक गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया तथा मासिक पत्रिका ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ का निःशुल्क वितरण किया गया।


हर दिव्यांगजन को सम्मान और आत्मनिर्भरता का अवसर देना लक्ष्य : कलेक्टर



कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानपूर्ण जीवन जीने के अवसर प्रदान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। ‘निदान-03’ जैसे शिविरों का उद्देश्य केवल सुविधाएं वितरित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक हितग्राही की जरूरत को समझकर उसके जीवन को अधिक सुगम बनाना है।

उन्होंने कहा कि जब कोई दिव्यांगजन सहायक उपकरणों की मदद से अपने दैनिक कार्य स्वयं करने में सक्षम होता है, कृत्रिम अंगों के सहारे आगे बढ़ता है या श्रवण यंत्र से अपने परिजनों की बातें सुन पाता है, तो इससे उसके साथ पूरे परिवार में उम्मीद और खुशी का संचार होता है। हर दिव्यांगजन को सम्मान के साथ जीवन जीने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और समाज में बराबरी के साथ भागीदारी करने का अवसर मिलना चाहिए। यही जिला प्रशासन का संकल्प है।

कलेक्टर ने शिविर के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी विभागों, भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति, चिकित्सकीय दल एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

‘निदान-03’ शिविर सेवा, संवेदना और स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। सहायक उपकरणों एवं शासकीय सुविधाओं के माध्यम से हितग्राहियों के दैनिक जीवन को आसान बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास और आत्मसम्मान को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !