नगरी में माता रानी का भव्य स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन

0

 

नगरी में माता रानी का भव्य स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन

नव आनंद कला मंदिर की शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन


उत्तम साहू 

नगरी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नगरी में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। नव आनंद कला मंदिर नगरी द्वारा आयोजित नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत राजा बड़ा में विराजित होने वाली माता रानी की भव्य शोभायात्रा रावण भाटा से निकाली गई। शोभायात्रा का नगर पंचायत कार्यालय के सामने जनप्रतिनिधियों ने पुष्पमाला, गजमाला एवं नारियल भेंट कर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

माता रानी के स्वागत के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, सभापति चेलिश्वरी साहू, अश्विनी निषाद, शंकर देव, पार्षद मिक्की गुप्ता, नरेश पटेल, जयंती टुकेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, हरीश साहू, एल्डरमैन गौरव तिवारी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाहटा, पूर्व पार्षद पूनम छाबड़ा एवं कमल डागा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने माता रानी का अभिनंदन कर नगर एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।


गाजे-बाजे और झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा

रावण भाटा से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में गाजे-बाजे, डीजे, आकर्षक झांकियों और कलश यात्रा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में नगरवासी उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में शामिल हुए। माता रानी के जयकारों और भक्तिमय गीतों से नगर का माहौल पूरी तरह धर्ममय हो गया। श्रद्धालु पूरे रास्ते माता की भक्ति में लीन नजर आए। शोभायात्रा के माध्यम से माता रानी को उनके निर्धारित स्थापना स्थल राजा बड़ा तक ले जाया गया।


कौमी एकता और सामाजिक सद्भाव की मिसाल है नगरी का महोत्सव

नगरी का नवरात्रि महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और कौमी एकता का भी प्रतीक है। नव आनंद कला मंदिर द्वारा कई वर्षों से एक ही स्थान पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर नवरात्रि पर्व परंपरागत उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस आयोजन में नगर के विभिन्न वर्गों के लोग मिल-जुलकर सहभागी बनते हैं। आपसी सहयोग और सामूहिक सहभागिता की यह परंपरा नगरी की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करती है।

माता रानी की भव्य शोभायात्रा और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत ने नवरात्रि उत्सव की रौनक बढ़ा दी। पूरे नगर में मां दुर्गा के प्रति आस्था, श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !