दिनकरपुर में अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों का बड़ा फैसला, बनाने-बेचने पर 10 हजार जुर्माना

0

 

दिनकरपुर में अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों का बड़ा फैसला, बनाने-बेचने पर 10 हजार जुर्माना

अवैध शराब की सूचना देने वाले को मिलेगा 5 हजार का इनाम, ग्रामसभा में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय


उत्तम साहू 

नगरी/धमतरी, 18 अक्टूबर। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुनाईकेरा के आश्रित ग्राम दिनकरपुर में अवैध शराब और नशाखोरी पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों ने एकजुट होकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गांव में कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने तथा इसकी सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का इनाम देने का फैसला किया गया है। ग्रामीणों ने यह कदम गांव में बिगड़ते सामाजिक माहौल, युवाओं के भविष्य और सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया है।


शीतला प्रांगण में हुई बैठक, नशाखोरी पर रोक लगाने का संकल्प

18 अक्टूबर को गांव के शीतला प्रांगण में आयोजित बैठक में मजरा-टोला के ग्रामीणों और ग्रामसभा के सदस्यों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने और बेचने पर प्रतिबंध लगाने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने तथा सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने पर सहमति बनी।

ग्रामीणों का मानना है कि शराब और नशाखोरी के कारण गांव की शांति, सामाजिक सद्भाव और युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो सकता है। इसे देखते हुए ग्रामीण व्यवस्था के तहत सामूहिक रूप से शराबबंदी को प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।


दुगली थाना पहुंचकर भी की थी कार्रवाई की मांग

गांव में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने 15 अक्टूबर को दुगली थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन भी सौंपा था। ग्रामीणों ने अवैध शराब की समस्या पर नियंत्रण के लिए पुलिस से सहयोग की मांग की थी। इसके बाद 18 अक्टूबर को आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर नियम बनाकर नशाखोरी के खिलाफ सामूहिक पहल करने का निर्णय लिया।


सूचना देने वाले को मिलेगा प्रोत्साहन

ग्रामीणों द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार गांव में अवैध कच्ची शराब बनाने या बेचने वाले पर 10 हजार रुपये का दंड निर्धारित किया गया है। वहीं, ऐसे मामलों की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का इनाम देने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक और सामाजिक आयोजनों में नशे की हालत में पहुंचकर व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर भी कार्रवाई की व्यवस्था बनाई गई है।

इस पहल को क्षेत्र के सामाजिक प्रमुखों ने अनुकरणीय बताते हुए दिनकरपुर के ग्रामीणों की सराहना की है। उनका मानना है कि सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीणों की एकजुटता और सामूहिक जागरूकता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण निर्णय के दौरान ग्रामीण प्रमुख दशरथ लाल नेताम, ग्रामसभा अध्यक्ष मुन्ना लाल नेताम, ग्राम गायता जगन सिंह मरकाम, ग्राम पंचायत मुनाईकेरा की सरपंच लकेश्वरी नेताम, कोटवार हितेश कुमार सूर्यवंशी, ग्राम पटेल धुरसाय मरकाम, पंचायत प्रतिनिधि पुनाराम मरकाम, गुप्तेश्वर नेताम, नरेंद्र नेताम, रामप्रसाद नेताम, दुलेश्वरी नेताम, रजुला नेताम, पार्वती नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने गांव में शांति, सामाजिक सद्भाव और बेहतर वातावरण बनाए रखने के लिए इस निर्णय का पालन करने तथा नशाखोरी के खिलाफ सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !