शीतला शक्ति पीठ में 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि, जनप्रतिनिधियों को सौंपा आमंत्रण
नगरी। सिहावा स्थित प्रसिद्ध शीतला शक्ति पीठ में शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नवरात्रि महोत्सव में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शीतला समिति सिहावा के पदाधिकारियों ने प्रमुख जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा।
समिति ने सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा से भेंट कर नवरात्रि महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने समिति के पदाधिकारियों से पर्व की तैयारियों की जानकारी भी ली।
शीतला शक्ति पीठ में नवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दर्शन, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
शीतला समिति के अध्यक्ष नरेंद्र नाग ने बताया कि 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ होगा तथा इसी दिन दोपहर से घट स्थापना की जाएगी। नवरात्रि की पंचमी से सप्तमी तक मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के उद्देश्य से नवरात्रि के तीसरे दिन से नवमी तक प्रतिदिन समिति द्वारा प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था की जाएगी। समिति द्वारा पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान समिति अध्यक्ष नरेंद्र नाग, उपाध्यक्ष रामलाल नेताम, सचिव नारद निषाद, भरत निर्मलकर, सचिन भन्साली, तुकाराम साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

