सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरी में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी शिविर
175 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, स्वास्थ्य जांच व शासकीय सेवाओं का लाभ; आंगनबाड़ी केंद्रों को मिले स्मार्ट टीवी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को साकार करते हुए नगरी के श्री श्रृंगी ऋषि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में गुरुवार को जिला स्तरीय जनकल्याणकारी निदान-3 शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं एनएसई फाउंडेशन जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में विभिन्न वर्गों के नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, महिला एवं बाल विकास तथा दिव्यांगजन कल्याण से जुड़ी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : भोजराज नाग
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। सेवा संकल्प अभियान इसी उद्देश्य को धरातल पर उतारने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि नगरी में आयोजित यह शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों तक सेवाएं पहुंचाने और उन्हें उनके अधिकारों व सुविधाओं से जोड़ने का प्रभावी प्रयास है। दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण मिलने से उनके दैनिक जीवन में सुविधा के साथ आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद ने कहा कि सेवा केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने रक्तदान सहित सामाजिक सेवा के कार्यों में लोगों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
175 दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण
शिविर में 175 दिव्यांगजन पहुंचे, जिनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 16 ट्राइसाइकिल, 13 व्हीलचेयर, 27 श्रवण यंत्र, 3 बैसाखी, 2 एल्बो क्रच, 7 वॉकिंग स्टिक और 1 वॉकर सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल रहे।
इसके अलावा दिव्यांगजनों और ग्रामीण नागरिकों के आधार, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न आवश्यक शासकीय सेवाओं से जुड़े कार्य भी मौके पर किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
एक ही परिसर में मिलीं कई शासकीय सेवाएं
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी। नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सेवाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं एवं किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण संबंधी जानकारी दी गई। बाला प्रोजेक्ट के सहयोग से सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया।
वहीं रक्तदान शिविर के माध्यम से नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, महिलाएं, किशोरियां और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी केंद्रों को मिले 46 स्मार्ट टीवी, डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरी में आयोजित कार्यक्रम में राइस मिलर्स एसोसिएशन, नगरी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को डिजिटल एवं रोचक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के साथ प्रारंभिक बाल शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
सांसद भोजराज नाग ने स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने वाले राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए कहा कि स्थानीय संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की ऐसी पहल विकास कार्यों में जनभागीदारी को मजबूत करती है।
ग्रामीणों को नजदीक ही मिलें सुविधाएं : कलेक्टर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सरल, सहज और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को छोटी-छोटी शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और अधिक से अधिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि बहुविभागीय शिविर इस दिशा में प्रभावी माध्यम हैं, जहां नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की जानकारी और सेवाएं मिलती हैं। उन्होंने नागरिकों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
सेवा कार्यों में जनभागीदारी जरूरी : अरुण सार्वा
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। इससे लोगों को अपनी समस्याएं रखने के साथ शासन की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं भी एक ही स्थान पर मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, महिलाओं एवं किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण तथा नागरिकों के लिए स्वास्थ्य एवं शासकीय सेवाओं की उपलब्धता समग्र जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं। उन्होंने सेवा कार्यों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
मितानिनों और सहयोगी संस्थाओं का सम्मान
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग एवं अतिथियों ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों को सम्मानित किया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने वाले राइस मिलर्स एसोसिएशन, नगरी के प्रतिनिधियों का भी सम्मान किया गया।
विशिष्ट अतिथि प्रकाश बैस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान शासन की योजनाओं को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल है। समाज, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय संस्थाओं और प्रशासन के सामूहिक प्रयास से सेवा का दायरा और अधिक व्यापक हो सकता है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने आभार व्यक्त किया। शिविर में जनपद अध्यक्ष महेश गोटा उपाध्यक्ष हृदय साहू श्रवण मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, महिलाएं, किशोरियां, दिव्यांगजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह शिविर सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता को एक मंच पर लाने के साथ शासन की योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।








