कुरूद एसडीएम कार्यालय में एसीबी का छापा 20 हजार की रिश्वत ने खोली ‘बाबूगिरी’ की पोल,
जमीन संबंधी काम के एवज में रिश्वत लेने का आरोप, सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी चुनेश्वर सूर्यवंशी रंगे हाथों गिरफ्तार
उत्तम साहूकुरूद। सरकारी दफ्तर में फाइल आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत का खेल चल रहा था, लेकिन इस बार दांव उलटा पड़ गया। कुरूद एसडीएम कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी चुनेश्वर सूर्यवंशी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, जमीन से जुड़े काम को कराने के एवज में कर्मचारी द्वारा प्रार्थी से रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत एसीबी से की गई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने रिश्वतखोरी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना तैयार की।
इसके बाद सोमवार को एसीबी की टीम ने कुरूद स्थित एसडीएम कार्यालय में दबिश दी। जैसे ही कथित तौर पर 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि का लेन-देन हुआ, टीम ने सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी चुनेश्वर सूर्यवंशी को मौके पर पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
फाइल के बदले ‘नजराना’, अब एसीबी की पूछताछ
जमीन संबंधी काम के लिए रिश्वत मांगे जाने के आरोप ने सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्रवाई की खबर फैलते ही एसडीएम कार्यालय परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
फिलहाल एसीबी की ओर से आरोपी कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में रिश्वत की मांग से लेकर लेन-देन और संबंधित कार्य की पूरी कड़ी की जांच की जा रही है। एसीबी की विस्तृत कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद प्रकरण की तस्वीर और साफ होगी।

