चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
कुरूद में एनएच-30 सहित अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की कार्रवाई, तीन धारदार चाकू जब्त; आर्म्स एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज
धमतरी/कुरूद। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कुरूद पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों में भय और दहशत फैलाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार चाकू जब्त कर उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा।
तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई
पहला मामला: पुलिस के अनुसार, चरमुरिया अंडरब्रिज के पास एनएच-30, कुरूद में चाकू लहराकर राहगीरों को डराने के आरोप में ओमकार मण्डावी (22 वर्ष), पिता स्व. श्रवण कुमार, निवासी राखी को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 346/2026 दर्ज किया गया है।
दूसरा मामला: कुरूद रोड स्थित सांधा चौक में शराब भट्ठी के पास धारदार चाकू के साथ सतीश कुमार (22 वर्ष), पिता मोहन पटेल, निवासी पेरपार, गुरूर, जिला बालोद को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक चाकू बरामद हुआ। इस संबंध में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज किया गया है।
तीसरा मामला: भरदा चौक, कुरूद में बटनदार चाकू लहराकर लोगों को आतंकित करने के आरोप में हर्ष यादव (18 वर्ष), पिता रामकुमार, निवासी रेलवे स्टेशन चरमुरिया, थाना कुरूद को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू जब्त किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 348/2026 दर्ज किया गया है।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई, पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दशहरा पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और आम नागरिकों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
धमतरी पुलिस का संदेश है—सुरक्षित पर्व, शांतिपूर्ण धमतरी।

