मगरलोड में गांजा बेचने के आरोप में महिला गिरफ्तार, 740 ग्राम गांजा और स्कूटी सहित 48,850 का माल जब्त
ऑपरेशन निश्चय के तहत धमतरी पुलिस की कार्रवाई, स्कूटी की डिक्की से मिला गांजा और बिक्री की नकदी
धमतरी/मगरलोड। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मगरलोड पुलिस ने ग्राम भैंसमुंडी में कार्रवाई करते हुए एक महिला को गांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 740 ग्राम गांजा, बिक्री की नकदी, एक स्कूटी और पैकिंग सामग्री सहित कुल 48,850 रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भैंसमुंडी में नहर नाली के पास एक महिला अपने घर के सामने गांजा रखकर ग्राहकों को बेच रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और संदेह के आधार पर सीमा बेगम (36 वर्ष), पति अकील खान, निवासी वार्ड क्रमांक 09, ग्राम भैंसमुंडी को पकड़ा।
स्कूटी की डिक्की से बरामद हुआ गांजा
महिला आरक्षक की उपस्थिति में तलाशी के दौरान स्कूटी क्रमांक CG-05-M-3706 की डिक्की में सीट के नीचे रखे थैले से खाकी टेप में लिपटा 740 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा गांजा रखने और बिक्री के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले छोटे-बड़े कुल 45 जिपलॉक पॉलीथिन पाउच तथा 1,850 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 37,000 रुपये और स्कूटी की कीमत 10,000 रुपये आंकी गई है। नकदी और अन्य सामग्री सहित कुल जब्त मशरूका 48,850 रुपये बताया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी महिला सीमा बेगम के विरुद्ध थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग मिल सके।

