ऑपरेशन निश्चय: हेरोइन (चिट्टा) बेचते युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 4.52 लाख का मशरूका जब्त
पीजी कॉलेज मैदान के पास कार में रखकर कर रहा था मादक पदार्थ की बिक्री, एक ग्राम हेरोइन, हुंडई कार और दो मोबाइल जब्त
धमतरी, 17 अक्टूबर 2026। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने पीजी कॉलेज मैदान के पास कार में रखकर हेरोइन (चिट्टा) बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ग्राम हेरोइन, एक हुंडई कार और दो मोबाइल फोन सहित लगभग 4 लाख 52 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जोधापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान के पास एक व्यक्ति कार में मादक पदार्थ रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान आशुतोष उर्फ आशु, पिता मनसुखलाल तिवारी, निवासी आमातालाब, इंडोर स्टेडियम के पास, धमतरी के रूप में हुई। गवाहों के समक्ष तलाशी लेने पर उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया एक ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ एक हुंडई कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
जब्त सामग्री में हेरोइन की अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये, हुंडई कार की कीमत चार लाख रुपये और दो मोबाइल फोन की कीमत 42 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 4 लाख 52 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 263/26 के तहत धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

