जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आम नागरिकों की समस्याएं, 46 आवेदन प्राप्त

0

 

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आम नागरिकों की समस्याएं, 46 आवेदन प्राप्त

पृथक ग्राम पंचायत गठन, सड़क, बिजली, धान खरीदी और अवैध कब्जे से जुड़े मामले पहुंचे; कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश


उत्तम साहू 

धमतरी, 27 अक्टूबर 2026। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनदर्शन का आयोजन किया गया। इसमें कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित कुल 46 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में पृथक ग्राम पंचायत गठन, सड़क एवं निर्माण कार्य, विद्युत व्यवस्था, धान खरीदी केंद्रों की समस्याएं, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारु संचालन जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।


पृथक ग्राम पंचायत गठन और बुनियादी सुविधाओं की मांग



ग्राम सरसोंपुरी की कामिनी बाई साहू ने शौचालय निर्माण के लिए अनुदान सहायता की मांग की। वहीं, ग्राम उरपुटी के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत अरौद डूबान से अलग कर पृथक ग्राम पंचायत गठित करने के लिए आवेदन दिया। ग्रामीणों ने गांव में पुलिया, खेल मैदान और टो-वॉल निर्माण की आवश्यकता भी बताई।

धमतरी के विवेकानंद वार्ड की पूर्व पार्षद सुशीला तिवारी ने विद्युत केबल उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अलावा हटकेशर वार्ड की मारुति सेवा समिति के सदस्यों ने नशामुक्त समाज के उद्देश्य से तीन दिवसीय हरिकीर्तन आयोजन के संबंध में मार्गदर्शन देने का आग्रह किया।


अवैध कब्जे और प्लॉटिंग पर कार्रवाई की मांग

ग्राम भिड़ावर के नारायण साहू, रामकुमार साहू, तुलाराम साहू सहित अन्य ग्रामीणों ने गांव में अवैध कब्जे के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, कलेक्ट्रेट कार्यालय के पीछे स्थित न्यू जीएडी कॉलोनी के कर्मचारियों ने शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।


धान खरीदी केंद्रों और बिजली व्यवस्था का मुद्दा उठा

जनदर्शन में किसानों ने धान खरीदी व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। ग्राम पांवद्वार के किसानों ने धान खरीदी केंद्र गढ़डोंगरी के स्थान पर घठुला धान खरीदी केंद्र को यथावत रखने की मांग की। इसके अलावा कपालफोड़ी धान खरीदी केंद्र में विद्युत तारों को ऊंचा कराने तथा बेलरदोना धान उपार्जन केंद्र में विद्युत पोल हटाने के लिए भी आवेदन दिए गए। किसानों ने धान खरीदी के दौरान सुविधाजनक और व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।


स्कूल भवन से पंचायत कार्यालय हटाने की मांग

प्राथमिक शाला मोहंदी के भवन में संचालित पंचायत कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए शाला विकास समिति की अध्यक्ष ने आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारु संचालन और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पंचायत कार्यालय को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर संचालित किया जाना आवश्यक है।


आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर शासन के नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई की जाए। उन्होंने समस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं करने और आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी देने पर भी जोर दिया।

जनदर्शन जिला प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें और आवश्यकताएं प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य प्राप्त आवेदनों पर प्रभावी कार्रवाई कर नागरिकों को राहत पहुंचाना तथा शासकीय सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता को बेहतर बनाना है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !