बिरगुड़ी में पानी की टंकी पर चढ़ा विशाल भालू, देखने उमड़ी भीड़
तेंदुए के बाद अब भालुओं की चहलकदमी से सिहावा वनांचल में बढ़ी चिंता, वन विभाग ने लोगों को किया सतर्क
![]() |
| प्रतीकात्मक फोटो |
उत्तम साहू,नगरी। धमतरी जिले के सिहावा वनांचल में वन्यप्राणियों की बढ़ती आवाजाही अब आबादी वाले इलाकों तक पहुंचने लगी है। कभी तेंदुए की मौजूदगी तो कभी भालुओं की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंगलवार देर शाम बिरगुड़ी में उस वक्त लोग हैरान रह गए, जब एक विशाल भालू पानी की टंकी के ऊपर चढ़कर बैठ गया। भालू को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वन परिक्षेत्र कार्यालय के पास दिखा भालू
मिली जानकारी के अनुसार, बिरगुड़ी में मंगलवार शाम एक बड़ा भालू अचानक पानी की टंकी के ऊपर नजर आया। हैरानी की बात यह रही कि टंकी के पास ही बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र कार्यालय स्थित है। रिहायशी क्षेत्र में भालू को इस तरह देखकर लोग कौतूहल के साथ भयभीत भी हो गए। देखते ही देखते वहां लोगों का जमावड़ा लग गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को भालू से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। काफी देर तक टंकी के ऊपर बैठा भालू वन विभाग की मशक्कत के बाद नीचे उतरा। इसके बाद वह कार्यालय परिसर से होते हुए कॉलोनी की ओर बढ़ गया। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कुछ समय बाद भालू कॉलोनी से निकलकर खेतों की ओर चला गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
वन्यप्राणियों की बढ़ती हलचल बनी चिंता का विषय
सिहावा-नगरी के जंगलों से लगे गांवों में वन्यप्राणियों की मौजूदगी लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। आबादी वाले क्षेत्रों में भालू और तेंदुए जैसे वन्यप्राणियों के दिखाई देने से लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि भालू या तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने, भीड़ लगाने, पत्थर मारने या उसे भगाने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दें। वन्यप्राणियों के नजदीक जाने की जरा सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में सतर्कता और सावधानी ही किसी अप्रिय घटना से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

