शुष्क दिवस पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 पाव देशी शराब जब्त
अर्जुनी में आरोपी के घर दबिश, आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज
धमतरी। शुष्क दिवस के अवसर पर अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अर्जुनी में एक आरोपी के घर से 50 पाव देशी प्लेन मदिरा जब्त की है। मामले में आरोपी सौरभ बंजारे को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण तथा आबकारी उपनिरीक्षक निशांत साधु के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को ग्राम अर्जुनी में अवैध रूप से शराब रखे जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी सौरभ बंजारे के निवास पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर की तलाशी लेने पर 50 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई। शराब को जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया। इसके बाद आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग ने बताया कि शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग द्वारा ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक विवेक दीवान, आबकारी मुख्य आरक्षक मुरलीधर सोनी, आबकारी आरक्षक भूषण वर्मा, राज किशोर कुर्रे तथा महिला आरक्षक मेघा सिन्हा और श्रुति साहू का सक्रिय एवं सराहनीय योगदान रहा।
जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

