समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, 7 अक्टूबर की सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

0

 

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, 7 अक्टूबर की सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की समीक्षा


उत्तम साहू 

धमतरी, 5 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा संकल्प अभियान, आगामी कार्यक्रमों तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ज्योति प्रज्वलित कर किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री का उद्बोधन होगा और सेवा ज्योति यात्रा के रूप में रैली निकाली जाएगी। रैली से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल, यातायात, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा कार्यक्रमों के फोटो और जानकारी निर्धारित गूगल लिंक एवं माय भारत पोर्टल पर अपलोड करने कहा। साथ ही जन प्रयास पोर्टल पर अधिक से अधिक वालेंटियरों की ऑनबोर्डिंग कराने के निर्देश दिए।


8 अक्टूबर को नगरी में दिव्यांगजन शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत 8 अक्टूबर को नगरी में दिव्यांगजन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय से तैयारियां पूरी करने कहा। वहीं समाज कल्याण विभाग को 10 से 12 अक्टूबर के बीच धमतरी में भी दिव्यांगजन शिविर आयोजित करने की तैयारी करने के निर्देश दिए।


धान खरीदी केंद्रों में सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी खरीदी केंद्रों में शेड, शौचालय, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई सहित किसानों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं की जांच कर कमियों को समय रहते दूर करने कहा। नए प्रस्तावित धान खरीदी केंद्रों में भी खरीदी शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


योजनाओं के क्रियान्वयन और मैदानी मॉनिटरिंग पर जोर

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने और मैदानी स्तर पर प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को जोड़ने, सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने कहा गया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था और जलापूर्ति योजनाओं की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने पेयजल संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण करने तथा योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने कहा।

महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों, पोषण सेवाओं, कुपोषण की स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को समय पर पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी के निर्देश दिए।


बड़ी ग्राम पंचायतों में बनेगी लाइब्रेरी

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने बताया कि वीबीजी-रामजी योजना के तहत जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध रूप से लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। कलेक्टर ने चयनित ग्राम पंचायतों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा।


स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और सड़क सुरक्षा पर भी जोर

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और अधोसंरचना की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने ऐसे शासकीय स्कूलों की सूची तैयार करने कहा, जहां विद्यार्थियों की संख्या और आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त कक्ष की जरूरत है। साथ ही आवश्यक मरम्मत एवं अन्य सुविधाओं के कार्य समयबद्ध रूप से कराने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, यातायात नियमों के पालन और नागरिकों तथा विद्यार्थियों के बीच जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर भी जोर दिया गया।


वन विभाग के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण

बैठक में वन विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जानकारी वनमंडलाधिकारी श्री जाधव श्री श्रीकृष्णा के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वनमंडलाधिकारी ने प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !