पायलीखंड खदान से हीरे चुराकर 8 साल तक छिपाए, बेचने निकला 64 वर्षीय आरोपी धमतरी में गिरफ्तार

0

 

पायलीखंड खदान से हीरे चुराकर 8 साल तक छिपाए, बेचने निकला 64 वर्षीय आरोपी धमतरी में गिरफ्तार

NH-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास पुलिस की घेराबंदी, 146 नग हीरे समेत 10.15 लाख रुपये का मशरूका जब्त


उत्तम साहू 

धमतरी। गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से हीरे चोरी कर करीब आठ साल बाद उन्हें बेचने की फिराक में निकले 64 वर्षीय आरोपी को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर सेल और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 146 नग हीरे जैसे बहुमूल्य पत्थर बरामद किए हैं, जिनका शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। मोबाइल, नकदी समेत जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये है।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को पेट्रोलिंग और अपराध पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास पॉलीथीन में नीले और फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार एवं पारदर्शी पत्थर मिले।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया।


हीरे, मोबाइल और नकदी जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 146 नग बहुमूल्य पत्थर बरामद किए, जिनका कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा सैमसंग गैलेक्सी S21 FE 5G मोबाइल फोन, दो सक्रिय सिम और 2,200 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल जब्ती 10 लाख 15 हजार 200 रुपये की है।


खनिज चोरी और तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को 19 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय, कुरूद में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध खनिज उत्खनन, चोरी, तस्करी और संदिग्ध खरीद-फरोख्त की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !