छूटे और युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए चलेगा विशेष अभियान
SIR-2026 के बाद पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मिलेगा अवसर
धमतरी, 6 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के पूर्ण होने के बाद छूटे हुए तथा पहली बार मतदान के पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, रायपुर द्वारा जिला निर्वाचन कार्यालय को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अभियान के तहत वर्तमान में मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए पात्र नागरिक तथा किसी कारणवश सूची से नाम हट चुके व्यक्ति अपना नाम पुनः दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 56-सिहावा (अजजा), 57-कुरूद एवं 58-धमतरी के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आयोग के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत की जा रही कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक सोमवार को सुबह 11 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी होगी।
वहीं, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी तथा सहायक नोडल अधिकारी को शैक्षणिक संस्थानों में स्वीप गतिविधियों के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके माध्यम से पात्र विद्यार्थियों और युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करते हुए उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि आगामी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

