रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवा शुरू, धमतरी तक ट्रेन पहुंचने की उम्मीद बढ़ी
सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन को मिलेगा लाभ, अब कुरूद से धमतरी तक रेल लाइन का काम पूरा होने का इंतजार
धमतरी, 20 अक्टूबर। धमतरी जिले में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। रायपुर से कुरूद के बीच यात्री रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी रेल सुविधा की उम्मीद को नई मजबूती मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर यात्री रेल सेवाओं को रवाना किया। इस रेलखंड के शुरू होने से धमतरी जिले के सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन रेल नेटवर्क से जुड़ गए हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें कुरूद से धमतरी तक रेल सेवा के विस्तार पर टिकी हैं।
छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के तहत रायपुर–कुरूद और रावघाट–रायपुर यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ताड़ोकी–रावघाट तथा अभनपुर–कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण भी किया गया। साथ ही रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा की आधारशिला रखी गई।
अभनपुर से कुरूद तक 22 किलोमीटर रेलखंड तैयार
अभनपुर–धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से कुरूद तक लगभग 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा हो चुका है। इस रेलखंड पर यात्री सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन का नया विकल्प मिला है। रेल सुविधा के विस्तार से यात्रियों को लाभ मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कुरूद में यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत
नई यात्री रेल सेवा के शुभारंभ पर कुरूद में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक अजय चंद्राकर ने कार्यक्रम में शामिल होकर रेलगाड़ी से पहुंचे यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर रेलगाड़ी एवं यात्रियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, नगर पालिका कुरूद की अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
धमतरी तक रेल सेवा का इंतजार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पहले रायपुर और धमतरी के बीच नैरोगेज रेल सेवा संचालित होती थी। अब इस रेलमार्ग को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करने की दिशा में हुई प्रगति से आधुनिक रेल सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता खुला है। कुरूद से धमतरी तक शेष रेल कार्य पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक यात्री रेल सेवा के विस्तार की संभावना आगे बढ़ेगी।
रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवा की शुरुआत धमतरी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सिर्री, चटौद और कुरूद के यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, जिले के लोगों को रायपुर तक सीधी ब्रॉडगेज रेल सुविधा का पूरा लाभ तभी मिल सकेगा, जब कुरूद से धमतरी तक शेष रेल कार्य पूरा होगा। ऐसे में अब क्षेत्रवासियों को इस कार्य के शीघ्र पूर्ण होने और धमतरी तक यात्री रेल सेवा शुरू होने का इंतजार है।




