बेलरगांव में विजयादशमी की तैयारियां जोरों पर, मंगलवार को होगा रावण दहन
लोक कला मंच ‘लोकप्रयाग’ की प्रस्तुति रहेगी आकर्षण का केंद्र, आयोजन समिति जुटी तैयारियों में
नगरी,बेलरगांव। ग्राम बेलरगांव में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मंगलवार को गांव में रावण दहन का भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण दहन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, लोगों के मनोरंजन के लिए लोक कला मंच ‘लोकप्रयाग’ की आकर्षक प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी।
बेलरगांव में कई वर्षों से लगातार विजयादशमी पर रावण दहन की परंपरा निभाई जा रही है। यह आयोजन क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। पर्व को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। मैदान में विशालकाय रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
ग्राम विकास समिति सहित महोत्सव समिति जुटी तैयारी में
आयोजन की तैयारियों में ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष लिलाम्बर साहू, ग्राम पटेल एवं गायता अमरसिंह पटेल, संरक्षक दऊवालाल देवांगन, कैलाश प्रजापति और अशकरण पटेल सहित ग्राम समिति के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
वहीं, नवदुर्गा विजयादशमी महोत्सव समिति बेलरगांव के अध्यक्ष मौर्यध्वज सेन, सचिव ओमप्रकाश देवांगन, कोषाध्यक्ष लिलेश प्रजापति, सहसचिव केशर यादव और उपाध्यक्ष पोखराज कश्यप सहित समिति के सभी पदाधिकारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
रावण दहन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम
विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन के साथ लोक कला मंच ‘लोकप्रयाग’ की प्रस्तुति लोगों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को मनोरंजन के साथ लोककला और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों से विजयादशमी पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

