सेवा संकल्प अभियान: कसपुर, गढ़डोंगरी और सांकरा में विद्यार्थियों को बांटी निःशुल्क कॉपियां
विकास मरकाम ने मानदेय की राशि से की पहल, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा—शिक्षा के लिए सहयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी
नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र में विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कसपुर, गढ़डोंगरी एवं सांकरा में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कॉपियों का वितरण किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने अपने मानदेय की राशि से यह पहल करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विकास मरकाम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल शैक्षणिक सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के सपनों को संबल देने और उनके भविष्य को संवारने का प्रयास है। अपने मानदेय की राशि से कॉपियों का वितरण करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो और प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा सफलता, आत्मनिर्भरता और समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है। आज के विद्यार्थी ही कल के विकसित छत्तीसगढ़ और सशक्त भारत के निर्माता बनेंगे। विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
शिक्षा के लिए सहयोग करना सामूहिक जिम्मेदारी : अरुण सार्वा
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि विकास मरकाम अपने मानदेय की राशि से विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपियां वितरित कर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, शिक्षकों का सम्मान करने और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। इस तरह के प्रयास विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप, मंडल अध्यक्ष हुमित लिमजा एवं राजेश नाथ गोसाईं, मंडल महामंत्री दीपक साहू एवं सुलोचना साहू, सरपंच बोधन सिंह मरकाम, माखन मरकाम, रजनी नेताम, नरसिंह मरकाम, संतराम नेताम एवं नागेन्द्र बोरझा, जनपद सदस्य पन्नालाल मरकाम एवं शुभम यदु सहित रविशंकर दूबे, हेमलता साहू, कृष्ण गोसाई, शशि भूषण साहू, पवन साहू, लक्ष्मी ठाकरे, जनक साहू, चित्रांश नागवंशी और भारत पटेल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल की जा रही है, ताकि आर्थिक परिस्थितियां बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य की राह में बाधा न बनें।


