जल्द सजेगा धमतरी का अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, महापौर-कलेक्टर ने परखी निर्माण की गुणवत्ता
कुर्सियों पर बैठकर महापौर ने जांची आरामदायक व्यवस्था, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश
धमतरी, 22 अक्टूबर। धमतरी शहर में जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ऑडिटोरियम नागरिकों के लिए उपलब्ध होगा। इसके निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने महापौर रामू रोहरा एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को सिहावा चौक स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर एवं कलेक्टर ने ऑडिटोरियम में लगाई जाने वाली फॉल्स सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक साउंड सिस्टम और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। महापौर रामू रोहरा ने दर्शक दीर्घा में लगाई जाने वाली कुर्सी पर बैठकर उसकी गुणवत्ता और आरामदायक व्यवस्था का स्वयं परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम में दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके।
महापौर ने निर्देश दिए कि ऑडिटोरियम में दर्शकों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, मंच की उपयुक्त संरचना, ध्वनि की स्पष्टता, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, प्रसाधन सुविधाएं तथा सुगम प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही दिव्यांगजनों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक प्रबंध भी किए जाएं।
सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजनों को मिलेगा बेहतर मंच
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि अत्याधुनिक ऑडिटोरियम धमतरी शहर के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा साबित होगा। इसके पूर्ण होने से सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य मंचन, साहित्यिक गोष्ठियों, शैक्षणिक आयोजनों, सेमिनार, सम्मेलनों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक मंच उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्धता का विशेष महत्व है। ऑडिटोरियम का निर्माण इस तरह किया जाए कि यह लंबे समय तक शहरवासियों की आवश्यकताओं को पूरा कर सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण सामग्री एवं कार्यों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, ध्वनि व्यवस्था, वातानुकूलन और अन्य तकनीकी सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आयोजन स्थल मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मुरलीधर पैकरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। ऑडिटोरियम के निर्माण से धमतरी में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, सामाजिक और बौद्धिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

