बनियाडीह में नवरात्रि-दशहरा महोत्सव पर सजी सांस्कृतिक संध्या, छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत ने बांधा समां
मोर संगवारी लोककला मंच की प्रस्तुति पर देर रात तक झूमते रहे ग्रामीण, मुख्य अतिथि मनोज साक्षी ने लोक संस्कृति को सहेजने पर दिया जोर
नगरी। ग्राम बनियाडीह में नवरात्रि एवं दशहरा महोत्सव के अवसर पर रंगमंच भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवरात्रि व दशहरा उत्सव समिति, बनियाडीह के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। प्रसिद्ध मोर संगवारी लोककला मंच, भोथली (कुरूद) के कलाकारों ने कुलभूषण चंद्राकर कृत छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। कलाकारों की प्रस्तुति पर ग्रामीण देर रात तक झूमते रहे।
लोककलाकारों ने अपनी आकर्षक अदाकारी, हास्य-व्यंग्य और सामाजिक संदेशों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति, सामाजिक कुरीतियों तथा पारंपरिक मूल्यों को मंच पर जीवंत किया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया और तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
लोककला हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक : मनोज साक्षी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धमतरी जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मनोज साक्षी रहे, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत मैनपुर के सरपंच सुरेंद्र कुमार नेताम ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत नगरी के बोराई क्षेत्र के जनपद सदस्य सोनराज वट्टी, बनियाडीह सरपंच माखन लाल सलाम, लिखमा सरपंच राधाबाई नेताम, घुटकेल सरपंच कुसुमलता मरकाम, थाना प्रभारी मधुनाथ ध्रुव और ब्लॉक नगरी सतनामी समाज के अध्यक्ष विष्णु राम टंडन उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि मनोज साक्षी ने कहा कि नवरात्रि और दशहरा जैसे पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि लोककला मंचों के माध्यम से हमारी पारंपरिक कला और संस्कृति जीवित रहती है। नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जुड़कर उन्हें सहेजने और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई दी तथा लोककलाकारों का सम्मान किया।
आयोजन में ग्रामीणों का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष खोमेश सिंह ठाकुर, सचिव केश कुमार पांडे, कोषाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह यादव और ग्राम पटेल दिवस कुमार पटेल सहित सदस्य यशवंत चेलक, राजकुमार वर्मा, गजलाल बेर, जनक सलाम, जगतराम नाग, सुखदेव एवं महेंद्र सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने ग्रामीणों को मनोरंजन के साथ छत्तीसगढ़ की लोककला और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

