तेंदुए के हमले से घायल ग्रामीणों का हाल जानने अस्पताल पहुंचीं विधायक अंबिका मरकाम
नगरी अस्पताल में मरीजों से की मुलाकात, डॉक्टरों को बेहतर उपचार के दिए निर्देश; जंगली कंद खाने से बीमार हुईं तीन महिलाओं का भी जाना हाल
नगरी। बोराई क्षेत्र के ग्राम कारीपानी स्थित आमा नाला में तेंदुए के हमले से घायल ग्रामीणों का हालचाल जानने सिहावा विधायक अंबिका मरकाम शुक्रवार को शासकीय अस्पताल नगरी पहुंचीं। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल के चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
विधायक अंबिका मरकाम ने अस्पताल में भर्ती घायलों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की वर्तमान स्थिति और उपचार की प्रगति के बारे में भी पूछा। विधायक ने कहा कि वनांचल क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। ऐसे में घायलों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जंगली कंद खाने से बीमार हुईं तीन महिलाओं से भी मिलीं
अस्पताल प्रवास के दौरान विधायक ने ग्राम नवागांव की उन तीन महिलाओं से भी मुलाकात की, जो जंगली कंद को करु कंद समझकर खाने के बाद बेहोश हो गई थीं। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उनके उपचार के संबंध में चर्चा की। विधायक ने महिलाओं को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनकी सेहत पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस घटना के मद्देनजर जंगल से मिलने वाले कंद-मूल एवं अन्य खाद्य वन उत्पादों की सही पहचान को लेकर जागरूकता जरूरी है। अनजान कंद-मूल का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ग्रामीणों को इनके सेवन से पहले सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
ग्रामीणों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर दिया जोर
विधायक अंबिका मरकाम ने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार मिलना आवश्यक है। ग्रामीणों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ काम किया जाना चाहिए।
इस दौरान विधायक सलाहकार भरत निर्मलकर, विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, प्रदेश सचिव आदिवासी कांग्रेस मयंक ध्रुव, सेवादल अध्यक्ष अय्यूब खान, युवा कांग्रेस नेता दिनेश यादव तथा युवा आदिवासी नेता रवि नेताम उपस्थित रहे।

