इलाज में खर्च हुए लाखों, फिर भी नहीं मिली राहत; दिनेश्वरी के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार
नगरी। वनांचल क्षेत्र के ग्राम बेलरबाहरा की कक्षा 11वीं की छात्रा दिनेश्वरी मांझी इन दिनों गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साकरा में कृषि विषय लेकर पढ़ाई कर रही दिनेश्वरी का लगातार उपचार चल रहा है। परिवार के अनुसार अब तक इलाज में करीब ढाई से तीन लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।
दिनेश्वरी के पिता रामेश्वर मांझी की आर्थिक स्थिति कमजोर है। ऐसे में आगे होने वाले इलाज का खर्च जुटाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। बीमारी के चलते एक ओर परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है, वहीं दिनेश्वरी की पढ़ाई भी प्रभावित होने की चिंता बनी हुई है।
दिनेश्वरी की गंभीर बीमारी की जानकारी मिलने पर समाजसेवी डीके यादव ने परिवार से संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम एवं जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा को मामले से अवगत कराते हुए दिनेश्वरी के बेहतर उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से हरसंभव सहयोग दिलाने की गुहार लगाई।
इस दौरान डीके यादव, आलम सिंह सहित अन्य लोगों ने दिनेश्वरी के पिता रामेश्वर मांझी एवं परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए दिनेश्वरी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
परिजनों और सहयोगियों का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण दिनेश्वरी का इलाज किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए। परिवार को उम्मीद है कि शासन-प्रशासन की ओर से सहायता मिलने पर उसका बेहतर उपचार संभव हो सकेगा और वह स्वस्थ होकर दोबारा अपनी पढ़ाई जारी रख सकेगी।


