कलेक्टर मिश्रा ने गांवों में विकास कार्यों का लिया जायजा, युवाओं को आत्मनिर्भर बनने किया प्रेरित

0

 

कलेक्टर मिश्रा ने गांवों में विकास कार्यों का लिया जायजा, युवाओं को आत्मनिर्भर बनने किया प्रेरित

स्किल सेंटर, स्कूल, सड़क, खेल मैदान और अर्जुनी तालाब का किया निरीक्षण

उत्तम साहू 

धमतरी, 1 अक्टूबर 2026। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मधुरिमा गुरुकुल स्किल सेंटर, कोलियरी उच्च प्राथमिक शाला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरदाह और अर्जुनी तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मधुरिमा गुरुकुल स्किल सेंटर में ब्यूटीशियन एवं इलेक्ट्रिशियन का प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए युवाओं को पूरी लगन और रुचि के साथ कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि पूर्व बैच के अधिकांश प्रशिक्षित युवाओं का प्लेसमेंट हुआ है, जबकि कई युवाओं ने प्रशिक्षण के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है।



इसके बाद कलेक्टर ने कोलियरी उच्च प्राथमिक शाला में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, लागत और कार्य पूर्ण होने की समयसीमा की जानकारी लेकर गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरदाह में शिक्षकों ने खेल मैदान में बारिश का पानी भरने और झाड़ियों व लंबी घास के कारण विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी की जानकारी दी। कलेक्टर ने मैदान की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने विद्यालय तक पहुंचने वाली खराब सड़क की समस्या भी बताई, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक स्वीकृति के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्राचार करने कहा।



अर्जुनी तालाब के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वन विभाग द्वारा किए गए वृक्षारोपण और चौपाटी के लिए चयनित स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि तालाब किनारे करीब 1200 पौधे लगाए गए हैं। कलेक्टर ने तालाब क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने तथा इसे संबंधित योजना में शामिल करने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !