पांच महीने से फाइलों में दबी जनसमस्याएं, राजिम एसडीएम की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस का हमला

0

 

पांच महीने से फाइलों में दबी जनसमस्याएं, राजिम एसडीएम की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस का हमला

सात सूत्रीय मांगों पर सात दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो राजिम में आर-पार की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस : रूपेश साहू


उत्तम साहू 

फिंगेश्वर/गरियाबंद, 14 अक्टूबर 2026। पांच महीने से शिकायतों पर कार्रवाई नहीं, जनसमस्याओं का समाधान नहीं और अधिकारियों की कथित निष्क्रियता से बढ़ती नाराजगी। इन मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर ने अब प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अवैध रेत उत्खनन से लेकर सरकारी जमीन पर कथित कब्जे, शिक्षा विभाग में अवैध वसूली, विद्युत विभाग की लापरवाही और नगर पंचायतों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने जिलाधीश गरियाबंद को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले पांच महीनों से विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें और ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने विशेष रूप से राजिम अनुविभागीय अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लंबित मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग की है।


चेतावनी के बाद भी कार्रवाई नहीं, अब कांग्रेस ने बढ़ाया दबाव



ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया था कि लंबित शिकायतों का एक महीने के भीतर निराकरण नहीं होने पर राजिम अनुविभागीय अधिकारी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि निर्धारित समय बीतने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद अब जिलाधीश से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।


रेत से लेकर सरकारी जमीन तक, सात मुद्दों पर घेरा प्रशासन

कांग्रेस ने फिंगेश्वर ब्लॉक में सुखा नदी सहित अन्य स्थानों पर कथित अवैध रेत उत्खनन और भंडारण की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा 6 अप्रैल को शासकीय धान खरीदी केंद्र में भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम और ध्वजारोहण के मामले की जांच कराने की मांग उठाई गई है।

शिक्षा विभाग में परीक्षा के नाम पर कथित अवैध वसूली और प्रताड़ना के आरोपों की निष्पक्ष जांच, राजिम में तालाब को मिट्टी से पाटकर कथित अवैध प्लॉटिंग किए जाने के मामले में कार्रवाई तथा शासकीय भूमि और जलस्रोतों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

कोपरा नगर पंचायत में मकान तोड़े जाने से प्रभावित नागरिकों की समस्याओं और अधिकारियों के विरुद्ध शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई। पार्टी का आरोप है कि समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बावजूद करीब तीन महीने बीतने पर भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। वहीं, विद्युत विभाग की शिकायतों का समाधान करने और आम नागरिकों के साथ राजनीतिक भेदभाव के बिना समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।


सात दिन में कार्रवाई नहीं तो सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जिलाधीश से सातों बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच कर सात दिवस के भीतर नियमानुसार कार्रवाई करने और उसकी लिखित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर राजिम अनुविभागीय अधिकारी की कार्यप्रणाली के विरोध में वृहद आंदोलन किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े मामलों में लगातार अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं होता है, तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करेगी। प्रस्तावित आंदोलन से उत्पन्न परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू, फिंगेश्वर ब्लॉक प्रभारी रमेश शर्मा, पूर्व जिला कांग्रेस प्रशासनिक महामंत्री विकास तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डी.के. ठाकुर, अमित मिरी, केशू सिन्हा, खिलेश साहू, देवेंद्र साहू और वेदराम ध्रुव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !