विकसित ग्राम पंचायत प्लान को लेकर नगरी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक
102 ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव हुए शामिल, आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर हुआ मंथन
नगरी। आगामी वित्तीय वर्ष में ग्राम पंचायतों के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विकसित भारत–जी राम जी के अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में जिला पंचायत धमतरी के निर्देशानुसार 1 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, समस्त जनपद सदस्य, पदाधिकारी तथा विकासखंड नगरी की 102 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव शामिल हुए। जनपद पंचायत नगरी के सीईओ एन.के. मांझी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा द्वारा जारी संशोधित पत्र के अनुसार बैठक सुबह 11 बजे आयोजित की गई। इसमें आगामी वित्तीय वर्ष के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर तैयार किए जाने वाले विकास प्लान, प्रस्तावित कार्यों की प्राथमिकता तथा प्राप्त दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पंचायतों को विकास कार्यों की जरूरतों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप चिन्हांकित कर कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही प्राप्त निर्देशों के आधार पर जनपद पंचायतवार अलग-अलग चर्चा कर प्रस्तावित कार्यों को अंतिम रूप देने की बात कही गई।
इस बैठक का उद्देश्य ग्राम पंचायतों की जरूरतों और स्थानीय विकास प्राथमिकताओं को योजना में शामिल करते हुए व्यवस्थित एवं सहभागी ग्राम विकास प्लान तैयार करना है। ग्राम पंचायत स्तर से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर आगामी वित्तीय वर्ष में विकास कार्यों की दिशा तय की जाएगी।


