प्राथमिक शाला नुनेरा में कचरा प्रबंधन की पहल, विद्यार्थियों ने बनाए डस्टबिन
ई-कचरा प्रबंधन दिवस पर बच्चों को कचरा पृथक्करण, उचित निपटान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट।
नुनेरा (कोरबा)। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्राथमिक शाला नुनेरा में ई-कचरा प्रबंधन दिवस के अवसर पर विशेष गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रकार के डस्टबिन तैयार किए और कचरा प्रबंधन के महत्व को समझा।
गतिविधि के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को कचरे के पृथक्करण, उसके उचित निपटान तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के तरीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर उसका उचित प्रबंधन करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डस्टबिन तैयार करने की गतिविधि के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता की आदत अपनाने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल से विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया समझने का अवसर मिला।
विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक नागरिक बनाना था।


